नई दिल्ली, (मैट्रो नेटवर्क)। अगस्तावेस्टलैंड चॉपर डील के बिचौलिए क्रिश्चियन मिलेश के दो और वकीलों के तार कांग्रेस से जुड़ते दिख रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को दस्तावेजों को पेशकर दावा किया कि मिशेल के बचाव में कोर्ट में पेश हुए तीनों वकील कांग्रेस पार्टी के सदस्य हैं। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मिशेल केस से अपने लोगों को हटाना नहीं चाहती। अपने वकीलों के जरिए वह वह केस से जुड़ी जानकारियां पाना चाहती है। पात्रा ने कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर केस से सिब्बल को हटाया लेकिन मिशेल का बचाव करने के लिए अपने वकीलों को लगा रखा है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल के प्रत्यर्पण के बाद कांग्रेस पार्टी बौखला गई है। उसने मिशेल का बचाव करने के लिए वकीलों की अपनी टीम लगा दी है। कांग्रेस के एल्जो जोसेफ मिशेल के लिए कोर्ट में पेश हुए। कांग्रेस के ‘परिवार’ को रात में नींद नहीं आ रही है।’ उन्होंने कहा, ‘जोसेफ के अलावा दो अन्य वकील मिशेल का बचाव कर रहे थे। इनमें से एक विष्णु शंकर केरल कांग्रेस के एक नेता के पुत्र हैं जबकि श्रीराम प्रकट एनएसयूआई के सदस्य रहे हैं। ये तीनों अधिवक्ता सलमान खुर्शीद और कपिल सिब्बल जैसे कांग्रेस के बड़े नेताओं के अधीन काम कर चुके हैं।’
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘मिशेल का बचाव करने वाले सभी तीनों वकील कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं। तीनों वकीलों ने कोर्ट से कहा कि उसे रिमांड पर देने की आवश्यकता नहीं है। यह कांग्रेस की परेशानी दिखाती है।’ पात्रा ने सवाल किया कि कांग्रेस ने अयोध्या केस से कपिल सिब्बल और केरल लॉटरी केस से अभिषेक मनु सिंघवी को हटाया लेकिन उन्हें पार्टी से नहीं निकाला। मिशेल केस में कांग्रेस ने वकील को पार्टी से तो निष्कासित किया लेकिन केस से नहीं हटाया। पात्रा ने कहा, ‘इससे साफ है कि कांग्रेस कोर्ट में मिशेल मामले में होने वाली सुनवाई के बारे में जानाकारी हासिल करना चाहती है।’