IPL 2022 : कोहली की 125 गुना बढ़ी सैलरी, धोनी, रोहित रह गए काफी पीछे

आईपीएल में तीनों कमा चुके है 150-150 करोड़

नई दिल्ली/मैट्रो नेटवर्क

आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। 12 और 13 फरवरी को बीसीसीआई की ओर से बेंगलुरु में नीलामी कराई जा रही है। 15 देश के कुल 590 खिलाडिय़ों को ऑक्शन लिस्ट में जगह मिली है। 10 टीमों ने ऑक्शन से पहले 33 खिलाडिय़ों को अपने साथ जोड़ा है। रोहित शर्मा आईपीएल के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने 5 बार मुंबई इंडियंस को चैंपियन बनाया है. एमएस धोनी 4 बार सीएसके को टाइटल दिला चुके हैं। दूसरी ओर विराट कोहली अब तक एक भी खिताब नहीं जीत सके हैं। हालांकि वे अब आरसीबी के कप्तान नहीं हैं।

विराट कोहली आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 से लेकर अब तक सिर्फ आरसीबी की ओर से ही खेल रहे हैं। 2008 में उन्हें सैलरी के तौर पर सिर्फ 12 लाख रुपए मिले थे। लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से खुद को साबित किया। इसके बाद वे टीम के कप्तान भी बने और सैलरी में भी इजाफा हुआ. उन्हें मौजूदा सीजन में 15 करोड़ रुपए में रिटेन किया गया है। यानी उनकी सैलरी 2008 के मुकाबले 125 गुना बढ़ गई है। कोहली बतौर खिलाड़ी भी अब तक टी20 लीग का खिताब नहीं जीत सके हैं।

रोहित शर्मा की बात की जाए तो वे 2008 में डेक्कन चार्जर्स का हिस्सा थे और उन्हें टीम ने 3 करोड़ रुपए में शामिल किया था. वे 2011 में मुंबई इंडियंस से जुड़े और अब तक उसी टीम से खेल रहे है। आईपीएल 2022 के लिए टीम ने उन्हें 16 करोड़ रुपए में रिटेन किया है। यानी 2008 के मुकाबले रोहित की सैलरी में लगभग 5 गुना की बढ़ोतरी हुई है। पिछले सीजन की बात की जाए तो उन्हें 15 करोड़ मिले थे।

एमएस धोनी 2008 से चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे हैं। लेकिन 2016 और 2017 में टीम पर 2 साल का बैन लगा था. तब वे पुणे की ओर से उतरे थे। 2008 में धोनी को सैलरी के तौर पर 6 करोड़ रुपए मिले थे। वहीं मौजदूा सीजन के लिए टीम ने उन्हें 12 करोड़ में रिटेन किया है। यानी उनकी सैलरी सिर्फ 6 करोड़ बढ़ी है। पिछले सीजन में उन्हें 15 करोड़ रुपए मिले थे। ओवरऑल सैलरी की बात करें तो विराट कोहली, रोहित शर्मा और धोनी तीनों 150-150 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर चुके हैं। ओवरऑल धोनी ही अभी टॉप पर हैं।

You May Also Like