मोदी युग में मध्यप्रदेश में लाखों रुपये किराये पर दी जा रही बेटियां

*भाजपा की वयोवृद्ध नेत्री प्रोफेसर लक्ष्मी कान्ता ने किया सनसनीखेज रहस्योद्घाटन

 

                       अमृतसर/मेट्रो एनकाउंटर ब्यूरो

मोदी युग में भारत के ही मध्यप्रदेश में बेटियों को सरेआम किराए पर भेजने का धंधा सरेआम चल रहा है। यही स्थिति राजस्थान की है। यह कोई मिथ्या प्रचार नही है और न ही कोई विदेशी ताकत किसी साजिश के तहत कोई झूठ नही फैला रही अपितु यह रहस्योद्घाटन भाजपा की वयोवृद्ध नेत्री प्रोफेसर लक्ष्मी कान्ता चावला ने किया है।

आज यहाँ ई मेल से प्रसारित अपने बयान में पंजाब की पूर्व मंत्री लक्ष्मी कान्ता चावला ने कहा कि रावण दहन करने वाले भारत के लोग क्या यह नहीं जानते कि मध्यप्रदेश और राजस्थान के कुछ जिलों में सरेआम लोग अपनी लड़कियों को लाखों रुपये महीने पर किराए पर देते हैं। चावला ने दावा किया कि यह चोरी छुपे नहीं बल्कि स्टांप पेपर पर लिखकर लाखों रुपयों का देन लेन करते हैं। हर साल सौदा नया किया जाता है। वयोवृद्ध भाजपा नेत्री ने कहा कि अगर टीवी चैनल वाले यह सब दिखा सकते हैं तो इन दोनों प्रांतों की और भारत की सरकार को यह जानकारी क्यों नहीं मिली क्यों इन लड़कियों को बचाया नहीं जा रहा, उनके लिए घरों से बाहर ले जाकर शिक्षा, संरक्षण और रोजगार का प्रबंध क्यों नहीं किया जा रहा। अपने देश में वर्ष में दो बार कन्या पूजन का त्यौहार होता है, दुर्गा पूजन किया जाता है। अब तो संसद में नारी शक्ति वंदन हो गया। अब हजारों बच्चियों, पंद्रह से 18 वर्ष की आयु में किराए पर दी जाएंगी, किसी भी काम के लिए और लाखों लड़कियां, महिलाएं गायब होकर कभी मिली ही नहीं, वेश्यालय भी इस देश में चलते हैं तो फिर सोचना होगा कि सरकार क्या करती है। लक्ष्मी कान्ता ने कहा कि धर्म गुरु कहां जनता से दूर केवल टीवी चैनलों पर कथा करते हैं और समाजसेवी केवल वाणी वीर हैं इन बच्चियों को बचाने के लिए कौन आएगा। आखिर क्या अधिकार है हमें रस्म निभाने के लिए कन्या पूजन करने का?
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में भाजपा और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है।

You May Also Like