मोदी की रैली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह

बैठकें और सम्पर्क अभियान जारी

जालन्धर/मैट्रो ब्यूरो

5 जनवरी को फिरोजपुर में होने जा रही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और कार्यकर्ता तथा नेता अपने-अपने स्तर पर बैठकें करके इस रैली में अधिक से अधिक भीड़ इकट्ठा करने की जुगाड़ में जुटे है। बैठकों का दौर जारी है और सम्पर्क अभियान भी चलाए जा रहे है। पंजाब भर के सभी जिलों में भाजपा के मुख्य यूनिट, मोर्चे और सैल इस आयोजन को लेकर अति सक्रिय दिखाई दे रहे है।

प्रधानमंत्री ने इस रैली से पूर्व फिरोजपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान सेटेलाईट संस्थान (एम्स) का शिलान्यास करना है। इसके बाद होने वाली रैली पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार का शंखनाद भी माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार इस रैली में अन्य पार्टियों से बड़े दिग्गज भाजपा में शामिल किए जाने की खबरें भी आ रही है। जालन्धर से दो बड़े कांग्रेस नेताओं के अलावा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कुछ सदस्यों के भाजपा में शामिल होने की खबरें भी भाजपा सूत्र दे रहे हैं।

गौरतलब है कि भाजपा इस बार अकाली दल से अलग होकर नये बने अकाली दल संयुक्त और कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व वाली नवनिर्मित पंजाब लोक कांग्रेस के साथ मिलकर बड़ी पार्टी के रूप में पंजाब विधानसभा के चुनाव लडऩे जा रही है। उक्त रैली के फिरोजपुर के निकट सटे हरियाणा और राजस्थान के जिलों से भी भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं के आने की आशा की जा रही है। किसान आंदोलन खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री की पंजाब के मालवा क्षेत्र में सीमा पर होने जा रही यह पहली रैली है।

कालिया ने कृष्ण नगर में की बैठक

पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ मनोरंजन कालिया ने भी आज मोहल्ला कृष्ण नगर में पूर्व मुख्य अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग , पंजाब आर .के तलवार के निवास पर 5 जनवरी 2022 की रैली के लिए बैठक की और कार्यकर्ताओं को अधिकाधिक साथी बसें भरकर फिरोजपुर रैली में ले जाने के लिए प्रेरित किया। इस बैठक में सर्वश्री अनिल शर्मा, सुभाष दत्ता, सुभाष पुरी, मोहन लाल अग्रवाल, अनुज शर्मा, सुमन जी , रमन सेठी, सुरिंदर अग्रवाल, सुरिंदर विज, रिंकू पूरी, अनुपम मोहिंद्रू, नितिन मोहिंद्रू व अन्य उपस्थित थे।

You May Also Like