अमर्यादित टिप्पणी : भगवंत मान को पढऩा लिखना नहीं आता, दारू बाज है : चन्नी

गुरुहरसहाए/मैट्रो नेटवर्क

पंजाब विधानसभा चुनाव होने में कुछ ही दिन बचे रहे लेकिन इस दौरान एक-दूसरे पर खूब शब्दिक बाण छोड़े जा रहे है। जहां एक ओर अरविंद केजरीवाल सीएम चरणजीत चन्नी पर हमलावर हैं, वहीं मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी आम आदमी पार्टी पर जमकर बरस रहे हैं। इसी दौरान कुछ अमर्यादित टिप्पणियां भी की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री चन्नी ने गुरुहरसहाए विधानसभा हलके में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कह दिया कि हरियाणा संग पंजाब का पानी, चंडीगढ़ और पंजाबी बोली को लेकर झगड़ा चल रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हरियाणा का रहने वाला है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो केजरीवाल पंजाब का पानी व चंडीगढ़ सब कुछ हरियाणा ले जाएगा। चन्नी ने कहा कि केजरीवाल कागजों पर भगवंत मान के हस्ताक्षर करवा लेगा, क्योंकि मान को पढऩा-लिखना नहीं आता है, यदि थोड़ा बहुत आता भी है तो दारू में ही गंवा देगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री चन्नी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान पर तंज कसते हुए कहा था कि झाड़ू खड़ा करना अशुभ माना जाता है, इसलिए पंजाब में झाड़ू खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। भगवंत मान पर तीखे वार करते हुए चन्नी ने कहा था कि वे तो श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हुजूरी में भी शराब पीकर चले जाते हैं और संसद में भी।

You May Also Like